
पंडोखर धाम में आज धूमधाम से संपन्न होंगे 11 कन्याओं के सामूहिक विवाह
पण्डोखर (दतिया) – आज पंडोखर पीठाधीश्वर श्री गुरुशरण जी महाराज के पावन सानिध्य में सामूहिक कन्या विवाह महायज्ञ का होगा भव्य आयोजन। भांडेर विकासखंड अंतर्गत ग्राम मैथाना में आयोजित होने वाला 11 कन्याओं का निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन अचानक व्यवस्थागत कारणों से स्थगित होने की स्थिति में पहुंच गया था। जैसे ही इस विषय की जानकारी पंडोखर धाम पीठाधीश्वर परम पूज्य श्री गुरुशरण जी महाराज (पंडोखर सरकार) एवं पंडोखर धाम के सरपंच तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री रामजी शर्मा को प्राप्त हुई तो उन्होंने तत्काल ग्राम मैथाना पहुंचकर सभी कन्याओं एवं उनके परिजनों को आश्वस्त किया कि किसी भी बेटी का विवाह प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
पंडोखर धाम पीठाधीश्वर श्री गुरुशरण जी महाराज ने मानवीय संवेदनाओं एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए संपूर्ण विवाह सम्मेलन की समस्त व्यवस्थाओं का दायित्व पंडोखर धाम की ओर से ग्रहण किया तथा सभी कन्याओं के विवाह पंडोखर धाम परिसर में कराने का निर्णय लिया। इसके बाद धाम परिसर में युद्ध स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गईं ताकि सभी कन्याओं का विवाह तय शुभ मुहूर्त में विधि-विधान एवं भव्यता के साथ संपन्न कराया जा सके।
गुरुवार 21 मई 2026 को पंडोखर धाम में आयोजित होने वाले इस भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन में कुल 11 कन्याएं परिणय सूत्र में बंधेंगी। इनमें बंशकार समाज की 4 , दोहरे समाज की 3 , केवट समाज की 1 एवं अन्य समाजों की 3 कन्याएं सम्मिलित हैं। विवाह समारोह पंडोखर धाम पीठाधीश्वर श्री गुरुशरण जी महाराज के पावन सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न होगा।
पंडोखर धाम की ओर से विवाह समारोह में आने वाले सभी बारातियों एवं अतिथियों के स्वागत , भोजन , आवास , सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। धाम परिसर में आयोजन को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां जारी हैं।
सामूहिक विवाह सम्मेलन के दौरान सभी 11 नवदंपत्तियों को पंडोखर पीठ की ओर से गृहस्थ जीवन प्रारंभ करने हेतु आवश्यक सामग्री भेंट स्वरूप प्रदान की जाएगी। इनमें कूलर, अलमारी, प्रेस, बेड, सिंगार दानी सहित अन्य घरेलू उपयोग की सामग्री शामिल है। यह सहयोग नवदंपत्तियों के सुखद एवं सम्मानजनक वैवाहिक जीवन की शुभकामना स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
पंडोखर धाम ट्रस्ट के संस्थापक सचिव श्री मुकेश कुमार गुप्ता ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि पंडोखर धाम सदैव सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। असहाय या गरीब परिवार की बेटियों के विवाह जैसे पुण्य कार्य में सहयोग करना पण्डोखर धाम ट्रस्ट का सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में बेटियों के विवाह में बाधा न आए , इसी भावना के साथ पंडोखर धाम पीठाधीश्वर श्री गुरुशरण जी महाराज ने यह संपूर्ण जिम्मेदारी अपने हाथों में ली है।
उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पंडोखर धाम पहुंचकर नवदंपत्तियों को आशीर्वाद प्रदान करें एवं इस पुण्य आयोजन के सहभागी बनें। भवदीय : मुकेश कुमार गुप्ता (सागर) पण्डोखर – 20/05/2026
