
औरैया, 26 सितम्बर 2026। जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने थाना दिबियापुर में आयोजित समाधान दिवस में पहुंचकर जनसामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने फरियादियों से स्वयं आवेदन पत्र प्राप्त कर प्रत्येक प्रकरण का संज्ञान लिया तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित हल्का प्रभारी, लेखपाल एवं थाना पुलिस को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त प्रत्येक शिकायत की स्थलीय जांच कर तथ्यपरक आख्या तैयार की जाए तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों की बात निष्पक्षता से सुनकर ऐसा समाधान निकाला जाए, जिससे विवाद का स्थायी एवं संतोषजनक निस्तारण हो सके।
समाधान दिवस के दौरान प्राप्त हुए आवेदनों के संबंध में जिलाधिकारी ने थाना प्रभारी एवं संबंधित लेखपाल को संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर जांच करने, राजस्व एवं पुलिस विभाग के समन्वय से नियमानुसार कार्रवाई करने तथा शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता बनाए रखी जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को राजस्व विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर भूमि संबंधी विवादों का त्वरित समाधान कराने के निर्देश दिए, जिससे अनावश्यक विवाद एवं तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर, संबंधित थाना प्रभारी, हल्का प्रभारी, लेखपाल, शिकायतकर्ता सहित अन्य अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
