
यूपी ट्रेड शो मेले से अपने उपयोग की वस्तुओं को क्रय कर स्वदेशी अभियान को करें मजबूत।
मेले में सम्मेलन/ संगोष्ठी के आयोजन के साथ-साथ होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम, 11 व 12 अक्टूबर को स्थानीय स्तर तथा 13 अक्टूबर से विद्यालय के छात्र देंगे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति।

औरैया 11 अक्टूबर 2025/ देश को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने के लिए हम सभी को स्वदेशी/स्वदेश में निर्मित वस्तुओं का उपयोग करना होगा जिससे देश व प्रदेश की आर्थिक उन्नति होगी और देश विकसितशील राष्ट्र से विकसित राष्ट्र की ओर अग्रसर होगा। उक्त उदगार मा0 राज्यमंत्री महिला कल्याण बाल विकास एवं पुष्टाहार /जनपद प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने औरैया स्थित पुरानी नुमाइश मैदान में दिनांक 11 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक चलने वाले यूपी ट्रेड शो 2025 स्वदेशी मेला का शुभारंभ करते हुए कहा। उन्होंने कहा कि देश में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए मा0 प्रधानमंत्री जी व मुख्यमंत्री जी का धन्यवाद देना चाहती हूं कि उन्होंने इसके विकास के लिए प्रत्येक जनपद में मेले का आयोजन कर अभियान चलाया है। उन्होंने जनपद वासियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि आज हमारा जनपद प्रदेश में विकास कार्यों की दौड़ में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने सभी जनपद वासियों को दीपावली की अग्रिम बधाई देते हुए कहा कि आप लोग दीपावली पर अन्य उपयोगी वस्तुओं का क्रय इस मेले से करें जिससे स्वदेशी को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ अपने जनपद के नागरिकों की आय में बढ़ोत्तरी हो।
इस अवसर पर सदर विधायका श्रीमती गुड़िया कठेरिया ने कहा कि देश के मा0 प्रधानमंत्री जी व मुख्यमंत्री जी के निर्देशन में देश में निर्मित वस्तुओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इन मेलों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने सभी नगर वासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में मेले में लगे स्टालों का भ्रमण कर उनसे अपने उपयोग की अधिक से अधिक वस्तुओं का क्रय करें जिससे जनपद में निर्मित वस्तुओं के उत्पादन में बढ़ोतरी हो सके और प्रदेश देश के विकास में अपनी अहम भूमिका निभा सकें।
मा0 भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए अनेकों योजनाएं चलाएं जा रही हैं और किसान सम्मान निधि के माध्यम से अन्नदाता को सम्मानित किया जा रहा है और दूसरी ओर मा0 मुख्यमंत्री जी ने महिला सशक्तिकरण अभियान के माध्यम से महिलाओं को स्वालंबन बनाने में अहम भूमिका निभा रही है।सदस्या नीरज गौतम ने कहा कि इस मेले में बहुत से स्टालों में उपयोगी /दैनिक उपयोग की वस्तुओं के स्टाल लगाए गए हैं इनसे अपनी आवश्यकता अनुसार खरीददारी कर स्वदेशी अभियान को आगे बढ़ाने में अपना सहयोग दें।
जिलाधिकारी डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने सभी आगंतुकों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए मेले के विषय में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि यह मेला दिनांक 18 अक्टूबर 2025 तक चलेगा जिसमें आज ग्राम्य विकास से संबंधित ग्राम प्रधानों, ग्राम सचिवों ,पंचायत सहायकों का सम्मेलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही दिनांक 12 अक्टूबर 2025 को महिलाओं पर केंद्रित सम्मेलन होगा जिसमें स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण में अग्रणी भूमिका निभाने वाली महिलाओं द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा। इसी प्रकार प्रतिदिन विभिन्न विषयों पर सम्मेलन/ गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने आगे बताया कि मेले में प्रतिदिन शाम 6:00 से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा जिसमें दिनांक 11 व 12 अक्टूबर को स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे दिनांक 13 अक्टूबर से विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे दिनांक 17 अक्टूबर को मैजिक शो का आयोजन किया जाएगा तथा दिनांक 18 अक्टूबर को वृहद कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
मेले का शुभारंभ मा0 राज्य मंत्री महिला कल्याण बाल विकास एवं पुष्टाहार/जनपद प्रभारी मंत्री, सदर विधायक तथा भाजपा जिला अध्यक्ष द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मा0 राज्यमंत्री ने अपने-अपने ग्राम पंचायतों में अच्छा कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों, ग्राम पंचायत सचिवों,ग्राम पंचायत सहायकों को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।
उक्त के पूर्व राज्य मंत्री द्वारा मेला परिसर में लगे स्टालों का भ्रमण कर उनके उत्पादों की बारीकी से जानकारी प्राप्त की तथा मेले से मोटरसाइकिल क्रय करने वालों तीन क्रेताओं को चाबी देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने गौ माता को पूजन कर गुड़ खिलाया साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोद भराई भी की।
उक्त अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संत कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक नीरज प्रसाद, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकांत यादव सहित जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान , सचिव, पंचायत सहायक व बड़ी संख्या में आमजन गणमान्य नागरिक आदि उपस्थित रहे।

