
औरैया 22 मई । जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार को रोकने के लिए एनसीओआरडी की जिला स्तरीय समिति में कार्यों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में करते हुए निर्देशित किया कि सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मादक पदार्थ के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाए।
बैठक में पुलिस और आबकारी अधिकारी द्वारा बताया गया कि आपस में समन्वय स्थापित करते हुए निरन्तर प्रवर्तन कार्यवाही कर मादक पदार्थों जैसे- गाजा, डोंडा, स्मैक, चरस हिरोइन आदि के अवैध मद्यनिष्कर्षण, परिवहन, संचय व बिक्री को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। इस क्रम में पुलिस द्वारा एवं आबकारी द्वारा जनपद के गुजरने वाले राष्ट्रीय व राज्य मार्गो पर स्थित संदिग्ध ढाबे / होटलों तथा जनपदीय सीमा पर सघन रोड चेकिंग की गयी। जनपद में नारकोटिक्स अपराधों की दृष्टि से संदिग्ध गावों व व्यक्तियों को चिन्हित करते हुये कड़ी निगरानी रखी जा रहा है।
बैठक में बताया गया कि शासन के निर्देशानुसार समय-समय पर मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया जा रहा है एवं नारकोटिक्स मेडिसन की बिक्री तथा रिकार्ड चेक किये जा रहे है एवं सैम्पिलंग करायी जाती है। वर्तमान में जनपद में औरैया, दिबियापुर, फफूद, अछल्दा, विधूना व अजीतमल स्थित मेडिकल स्टोरों का सघन निरीक्षण किया गया और निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर में फार्मेस्सिट मैपिंग की चेकिंग की गयी और नमूने लिये गये जिसे राजकीय प्रयोगशाला लखनऊ भेजा गया और रिपोर्ट के अनुसार कार्यवाही की जायेगी। आबकारी आयुक्त
उ०प्र० प्रयागराज द्वारा दिये निर्देशों के अनुपालन में समय-समय पर गठित पुलिस प्रसाशन एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा अवैध मद्य निष्कर्षण पर अंकुश लगाये जाने हेतु विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर प्रभावी प्रवर्तन कार्य किया जा रहा हैं।
इस क्रम में आबकारी आयुक्त उ०प्र० प्रयागराज द्वारा दिनांक 01.05.2026 से 15.05.2026 तक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया इसके अनुपालन क्रम में गठित पुलिस प्रसाशन एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा अवैध मद्यनिष्कर्षण / अवैध मदिरा के निर्माण एवं बिक्री के अड्डों को समाप्त करने तथा अल्कोहल परिवहन के दुरूपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाये जाने के उद्देश्य से विशेष परिवर्तन कार्य किया जा रहा है। संयुक्त टीम द्वारा राष्ट्रीय / राज्य मार्गो पर स्थित ढाबों की भी सघन एवं आकस्मिक चेकिंग किया गया। बैठक में चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में प्रतिबन्धित दवाओं की बिक्री पर पूर्णतः रोकथाम लगाये जाने हेतु मेडिकल स्टोरों की जॉच व निरीक्षण किया गया, साथ ही ऐसी औषधियाँ जो कि जीवन रक्षक श्रेणी में आती है उनके क्रय व विक्रय का विवरण संकलित करते हुये विभाग द्वारा निरंतर निगरानी रखी जा रही है एवं संबन्धित विभागों के साथ सामंजस्य स्थापित कर टीम बनाते हुये मेडिकल स्टोरों की चेकिंग हेतु समय-समय पर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि शासन द्वारा दिये गये निर्देशों के अनुपालन में जनपद में युवा पीढ़ी को ड्रग्स एवं दुरूपयोग एवं उनसे होने वाली हानि के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से विद्यालयों में नशामुक्ति के प्रचार-प्रसार के साथ ही अन्य सामाजिक संस्थाओं का भी यथावाश्यक सहयोग लिया जा रहा है।
बैठक में समाज कल्याण विभाग ने बताया कि मलिन बस्तियों में नशामुक्ति का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। आबकारी विभाग द्वारा बस अड्डों पर समय-समय पर चैकिंग की जा रही है। इसके अतिरिक्त राजमार्गो पर चिन्हीकरण कर स्थानों / ढाबों/ होटलों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। स्थानीय थाने, आबकारी विभाग तथा स्थानीय अभिसूचना ईकाई द्वारा राजमार्गो पर मुखबिर /सूचना तंत्र को सकिय करते हुये मादक पदार्थों की बिक्री / परिवहन के सम्बन्ध में सूचना प्राप्त की जाती है।
बैठक में जिला आबकारी अधिकारी सुरेन्द्र कुमार, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी संजीव कुमार,जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार मौर्य,सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एनसी शर्मा सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहें।
