संघ लोक सेवा आयोग ने प्रशासनिक सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा, 2026 के लिए अनंतिम उत्तर सूची जारी की

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने पहली बार सिविल सेवा (प्रारंभिक), सीएसपी परीक्षा, 2026 के लिए अनंतिम उत्तर सूची जारी की है।

इन परीक्षाओं में शामिल हुए उम्मीदवार, यदि कोई आपत्ति हो, तो 31 मई, 2026 को शाम 6 बजे तक upsconline.nic.in पर उपलब्ध समर्पित ऑनलाइन पोर्टल, “ऑनलाइन प्रश्न पत्र आपत्ति पोर्टल (क्‍यूपीआरईपी)” के माध्यम से अपनी आपत्तियां भेज सकते हैं। आपत्तियां भेजते समय उम्मीदवार को अपनी समझ के अनुसार सही उत्तर सूची, संक्षिप्त स्पष्टीकरण और तीन प्रामाणिक स्रोतों से प्राप्त सहायक दस्तावेज़ प्रस्तुत करने होंगे।

उम्मीदवारों से प्राप्त सभी अभ्यावेदनों की व्यापक और सावधानीपूर्वक समीक्षा के लिए विषय विशेषज्ञों की टीमों के समक्ष रखा जाएगा। विषय का गहन ज्ञान रखने वाले ये विशेषज्ञ प्रत्येक अभ्यावेदन की सावधानीपूर्वक जांच करेंगे, सहायक दस्तावेजों का मूल्यांकन करेंगे और सम्‍बंधित प्रश्नों की उत्तर सूची के सही/गलत होने के सम्‍बंध में अपने विचार व्यक्त करेंगे। हालांकि, आयोग की वर्तमान प्रक्रिया के अनुसार, अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद ही अंतिम उत्तर सूची जारी की जाएगी।

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित परीक्षाओं के प्रश्न पत्र देश भर के विषय विशेषज्ञों द्वारा तैयार किए जाते हैं। ये विशेषज्ञ परीक्षा प्रक्रिया के उद्देश्यों और आवश्यकताओं के अनुरूप प्रश्न पत्र तैयार करते हैं। इसका उद्देश्‍य विभिन्न शैक्षणिक, सामाजिक और क्षेत्रीय पृष्ठभूमि के उम्मीदवारों को समान अवसर प्रदान करना है। हाल ही में आयोजित सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा के प्रश्न प्रामाणिक और विश्वसनीय स्रोतों पर आधारित हैं। इनके संदर्भ और उत्तर मानक पाठ्यपुस्तकों, पत्रिकाओं, सरकारी वेबसाइटों, सरकारी प्रेस विज्ञप्तियों और प्रतिष्ठित समाचार पत्रों आदि से लिए गए हैं। इस वर्ष, सिविल सेवा में 933 पदों और भारतीय वन सेवा (आईएफओएस) में 80 पदों के लिए लगभग 54 लाख उम्मीदवारों ने सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा में भाग लिया।

यह परीक्षा 24 मई 2026 को दो अनिवार्य सत्रों में आयोजित की गई थी। सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक सामान्य अध्ययन (पेपर-I) का सत्र और उसके बाद दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक सिविल सेवा योग्यता परीक्षा (सीएसएटी) [पेपर-II] का सत्र आयोजित किया गया। परीक्षा निर्धारित संस्थागत दिशानिर्देशों और परीक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करते हुए आयोजित की गई थी।

अनंतिम उत्तर सूची का प्रकाशन परीक्षा प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता, निष्पक्षता और सत्यनिष्ठा के प्रति यूपीएससी की प्रतिबद्धता को दर्शाने के साथ ही उम्मीदवारों को सूचित और रचनात्मक भागीदारी का अवसर प्रदान करता है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *