
औरैया 05 जनवरी 2026।जिलाधिकारी डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने ग्राम पंचायत सबलपुर में गौवंश संरक्षण हेतु गौशाला निर्माण के लिए स्थान चिन्हांकन करने के संबंध में स्वयं पहुंचकर स्थान आरक्षण करने के निर्देश लेखपाल को दिए। इस अवसर पर लेखपाल ने बताया कि यहां भूमि लगभग 3 बीघा हैं जोकि ग्राम समाज के नाम दर्ज है तथा ऊसर है साथ ही ग्राम प्रधान द्वारा पंचायत भवन के लिया भूमि आरक्षित करने का अनुरोध किया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने गौशाला हेतु चिह्नित स्थान के पास पंचायत भवन निर्माण के लिए स्थान संरक्षण के लिए लेखपाल को निर्देश दिए। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि गौशाला और पंचायत भवन निर्माण का प्रस्ताव भेजा जाए तथा निर्माण कार्य मनरेगा से कराया जाए।
उक्त के पश्चात जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत दरवटपुर में गौवंश आश्रय स्थल (गौशाला) का निरीक्षण करते हुए गौवंशों को दिए जाने वाले चारा, दाना, पानी का निरीक्षण किया और साफ- सफाई बनाए रखने हेतु निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ठंड से बचने के लिए गौवंश के लिए बोरा व त्रिपाल से चारों तरफ से ढकी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरा चारा दिए जाने के लिए चारागाह की भूमि को चिन्हित कर जई, वरसीम आदि की बुवाई की जाए जिससे गौवंशों को भूसे के साथ-साथ हरा चारा भी मिल सके। उन्होंने गौशाला का निरीक्षण कर गौशाला में आवागमन के लिए पक्का रास्ता न होने का कारण पूछने पर बताया गया कि गौशाला में आवागमन करने के लिए अस्थाई रास्ता व्यक्तिगत भूमि से लिया गया है, जिस पर जिलाधिकारी ने लेखपाल को निर्देश दिए कि भू स्वामी से वार्ता कर गौशाला हेतु रास्ते का निर्माण कराया जाए साथ ही भू स्वामी से ली गई भूमि के बराबर भूमि उनके चक के पास आवंटित की जाए। जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान को पानी की नाद में और परिसर में साफ- सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा पानी के निकास का उचित प्रबंधन करने को कहा।
उक्त के पश्चात जिलाधिकारी ने सलेमपुर राजकुमार में पहुंचकर निर्माणाधीन कांहा गौशाला का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि ग्राम सलेमपुर राजकुमार के गाटा संख्या-104 व 106 में कान्हा गौशाला का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जिसमें बाउण्ड्री बॉल, भूसा स्टोर, चिकित्सक कक्ष, केयर टेकर कक्ष, टायलेट, किचिन एवं मिट्टी भराई समर्सेबिल पम्प आदि का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है एवं टीन शैड, चरही, मुख्य द्वार एवं भवन के सौन्दर्यीकरण का कार्य कराया जाना शेष है। उन्होंने निर्माणाधीन गौशाला में बायोगैस संयंत्र की स्थापना को सम्मिलित किये जाने के निर्देश दिए साथ ही बाउंड्री वॉल के ऊपर वायर फेंसिंग तथा सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने के कार्यदाई संस्था को निर्देश दिए। उन्होंने लेखपाल को गौवंशों के लिए चारा उपलब्ध कराये जाने के लिए चारागाह की भूमि तथा हड़वाड़ की भूमि चिन्हित किए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने संबंधितों को कार्य में तेजी लाने और उसे गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा उन्होंने कहा कि कार्य को सतप्रतिशत मानक व गुणवत्ता के अनुरूप करना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही /अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अजीतमल निखिल राजपूत, तहसीलदार अजीतमल अविनाश कुमार, खण्ड विकास अधिकारी अजीतमल अतुल यादव, अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत अजीतमल राम आसरे कमल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा0 विशन सिंह विकल, सहित संबंधित ग्रामों के ग्राम प्रधान व लेखपाल आदि उपस्थित रहे।
