
औरैया।जिले के प्रधान डाकघर में स्पीड पोस्ट और रजिस्ट्री की रसीदों की खराब व धुंधली छपाई की गंभीर समस्या का अब समाधान हो गया है। लंबे समय से रसीदों पर ट्रैकिंग नंबर, पिन कोड और अन्य विवरण स्पष्ट न होने के कारण आम नागरिकों और विशेषकर अधिवक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विगत 13 अगस्त 2026 को जिला न्यायालय व उपभोक्ता फोरम के अधिवक्ता संजीव पाण्डेय ने डाकघर से 15 महत्वपूर्ण कानूनी नोटिस भेजे थे। उन्हें जो कंप्यूटर जनित रसीदें प्राप्त हुईं, वे बिल्कुल अपठनीय थीं। विधिक कार्यों में ट्रैकिंग और समय-सीमा का विशेष महत्व होता है, जिसके चलते न्यायिक प्रक्रियाओं में बाधा उत्पन्न होने का भारी जोखिम खड़ा हो गया था।
इस गम्भीर समस्या के समाधान के लिए अधिवक्ता संजीव पाण्डेय ने प्रिंटिंग उपकरण सुधारने की मांग की। जब स्थानीय स्तर पर कोई त्वरित कदम नहीं उठाया गया, तो उन्होंने डिजिटल माध्यम का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (ट्विटर) का सहारा लिया। उन्होंने धुंधली रसीदों और अपनी लिखित शिकायत की तस्वीरें साझा करते हुए सीधे ‘भारतीय डाक’ को टैग कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। इस डिजिटल शिकायत का डाक विभाग के उच्चाधिकारियों ने फौरी तौर पर संज्ञान लिया। भारतीय डाक के आधिकारिक हैंडल से तुरंत जवाब देते हुए आश्वस्त किया गया कि संबंधित कार्यालय औरैया प्रधान डाकघर को बुकिंग स्लिप की छपाई के लिए अच्छी गुणवत्ता वाली स्याही का उपयोग करने के सख्त निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
केंद्रीय स्तर से निर्देश मिलते ही औरैया प्रधान डाकघर में व्यवस्था तत्काल सुधर गई। अब डाक बुकिंग की रसीदें अत्यंत स्पष्ट, पूर्ण और विश्वसनीय प्रिंटिंग के साथ मिल रही हैं। समस्या के इस त्वरित समाधान पर अधिवक्ता संजीव पाण्डेय ने भारतीय डाक के केंद्रीय मंत्रालय और अधिकारियों का हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि विभाग की यह तत्परता, संवेदनशीलता और उत्कृष्ट सेवा भावना अत्यंत सराहनीय है। इस सुधार से न केवल वकीलों को बल्कि औरैया के समस्त आम नागरिकों बड़ी राहत मिली है।
