
दतिया – पण्डोखर धाम पीठाधीश्वर श्री गुरुशरण जी महाराज ने आज दतिया में एक पत्रकार वार्ता आयोजित कर जिले में के प्रमुख पत्रकारों से संवाद स्थापित करते हुए पण्डोखर धाम महोत्सव एवं श्रीराम महायज्ञ की कलश यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। इस अवसर पर पण्डोखर धाम ट्रस्ट के सचिव मुकेश कुमार गुप्ता (सागर) ने पण्डोखर सरकार धाम की महिमा के प्रसार में पत्रकारों के योगदान को महत्वपूर्ण बतलाया।
श्री गुरुशरण जी महाराज ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि हमारे लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि दतिया जिले के सुप्रसिद्ध आस्था केंद्र पण्डोखर सरकार धाम में 30वें वार्षिक पण्डोखर धाम महोत्सव एवं श्रीराम महायज्ञ का भव्य आयोजन दिनांक 2 अप्रैल से 22 अप्रैल तक आयोजित किया जा रहा है।
इस महोत्सव का शुभारंभ 2 अप्रैल को श्रीराम महायज्ञ की मंगलमयी कलश यात्रा के साथ होगा। कलश यात्रा पण्डोखर धाम आश्रम परिसर से सायंकाल 4 बजे प्रारंभ होकर बैंड-बाजों, अखाड़ों, डमरू दलों एवं रथ पर सजीव झांकियों के साथ अत्यंत भव्य रूप में निकाली जाएगी। देश-विदेश से पधारे श्रद्धालु, संत-महात्मा, अतिथिगण तथा क्षेत्र के हजारों नागरिक इस यात्रा में सम्मिलित होंगे। कलश यात्रा पुष्पावती नदी के पावन तट तक पहुंचेगी , जहां हमारे विद्वान आचार्यों द्वारा विधि-विधानपूर्वक पूजन कर जलकलश स्थापित कराए जाएंगे।
इस अवसर पर सायंकाल 6 बजे काशी एवं प्रयागराज से पधारे विद्वान पंडितों द्वारा पवित्र पुष्पावती नदी के तट पर भव्य सामूहिक गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा, जो श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम होगा। तत्पश्चात महिलाएं इन कलशों को अपने सिर पर धारण कर ग्राम भ्रमण करते हुए यज्ञ स्थल तक पहुंचेंगी, जो हमारी सनातन परंपरा और आस्था का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करेगा।
पण्डोखर धाम महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विविध धार्मिक अनुष्ठान, यज्ञ, कथा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन न केवल धर्म और आस्था का केंद्र होगा, बल्कि हमारी समृद्ध संस्कृति एवं क्षेत्रीय लोककलाओं का भी भव्य प्रदर्शन करेगा।
मैं आप सभी पत्रकार बंधुओं से सादर निवेदन करता हूं कि इस महोत्सव से संबंधित समाचारों को अपने-अपने प्रतिष्ठित समाचार पत्रों एवं चैनलों के माध्यम से व्यापक रूप से प्रसारित करें। आपका सहयोग इस पावन धाम को मध्यप्रदेश के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों में स्थापित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगा। हमें पूर्ण विश्वास है कि आपके सहयोग से पण्डोखर धाम की महिमा देश-विदेश तक पहुंचेगी, जहां द्वापरयुगीन श्री बालाजी पण्डोखर सरकार के दर्शन हेतु वर्षभर श्रद्धालुओं का आगमन होता है।
श्री गुरुशरण जी महाराज ने पण्डोखर धाम के प्रति प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों के साथ ही सोसल मीडिया प्लेटफॉर्म से जुड़े पत्रकारों के सहयोग एवं स्नेह के लिए हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया।
