
शांति वाटिका गेस्ट हाउस में उठी एकजुट आवाज
औरैया। शहर के शांति वाटिका गेस्ट हाउस में UGC के विरोध को लेकर सर्व समाज की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और UGC के प्रावधानों को जनविरोधी बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा के वरिष्ठ नेता दिनेश चंद्र मिश्रा ने की, जबकि संचालन टी.पी. सिंह द्वारा किया गया। अध्यक्षीय संबोधन में दिनेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि UGC से जुड़े हालिया निर्णयों से समाज के एक बड़े वर्ग में असंतोष है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
नीरज चौधरी ने कहा कि यह विनियम सामान्य वर्ग के छात्रों शिक्षकों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार का कारण बन सकता है। इस दौरान मंच से भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनंगपाल सिंह तोमर, सैनिक प्रकोष्ठ के अनिल चतुर्वेदी, संजीव त्रिपाठी ने यूजीसी के विरोध में इस्तीफा दिया। बैठक के दौरान मंच पर शेखर गुप्ता, मुकेश गुप्ता, गिरेंद्र सिंह परिहार, नीरज चौधरी, प्रियंका दीक्षित, नूपुर सिंह सेंगर मौजूद रहे। वक्ताओं ने UGC के विरोध में एकजुट संघर्ष की बात कही।
भाजपा नेताओं की दूरी पर उठे सवाल
UGC के विरोध की इस बैठक से भाजपा के कई सवर्ण एवं सर्व समाज से जुड़े नेताओं ने दूरी बनाए रखी, जिसे लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। बैठक में देवेंद्र गुप्ता, अनुराग त्रिपाठी, आचार्य मुखिया एस.एस. परिहार, देवेंद्र पांडे सहित अन्य वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि UGC के निर्णयों पर जल्द पुनर्विचार नहीं किया गया, तो आगे आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।

